सड़क निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, जांच दल गठित

राजगढ़, । जिले की खुजनेर तहसील में सड़क निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। ग्राम क्षेत्र में सड़क मार्ग पर किए गए अतिक्रमण की जांच और कार्रवाई के लिए एक दल का गठन किया गया है।
तहसील खुजनेर से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के अंतर्गत करनवास से सीलापानी तथा देहरीबामन से सनखेड़ी मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा सड़क के शोल्डर पर बागड़ और फेंसिंग लगाकर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।
प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए जांच दल गठित किया। इस दल में प्रभारी राजस्व निरीक्षक वृत्त करनवास शंकरलाल नागर, हल्का पटवारी अरविंद चौधरी, अमरकांत जायसवाल, सुरेश जेठवार, मनोज यादव, कैलाशचंद्र यादव सहित संबंधित ग्राम कोटवार को शामिल किया गया।
जांच दल द्वारा करनवास से सेलापानी मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की गई, जिससे सड़क निर्माण कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सके।


