जिला व उपजेलों में विशेष जेल लोक अदालत का हुआ आयोजन*

राजगढ़ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली (नालसा) की कार्य योजना अनुसार एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजगढ़ एवं प्रधान जिला न्यायाधीश श्री राजीव म. आप्टे के मार्गदर्शन में जिले में स्थित जिला एवं उपजेल नरसिंहगढ़ व सारंगपुर में विशेष जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन सचिव श्री देवदत्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विशेष समन्वय से किया गया। विशेष जेल लोक अदालत का शुभारंभ केंद्रीय जेल ग्वालियर से ऑनलाइन माध्यम से किया गया। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति श्री संजीव सचदेवा के करकमलों से किया गया।
इस अवसर पर उनके द्वारा जेलों में निरुद्ध बंदियों को विशेष जेल लोक अदालत के माध्यम से उनके मामलों में निराकरण का महत्व बताया गया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर के अन्य न्यायाधिपति सहित सदस्य सचिव मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर भी उपस्थित रही। राज्य प्रशासन एवं जेल विभाग के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। ऑनलाइन शुभारंभ कार्यक्रम का प्रसारण मध्य प्रदेश राज्य की समस्त केंद्रीय, जिला एवं उपजेलों में एक साथ किया गया। जिला राजगढ़ में विशेष जेल लोक अदालत के आयोजन के क्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजगढ़ श्री आप्टे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जेल में उपस्थित समस्त न्यायिक अधिकारियों, जेल प्रशासन के अधिकारी सहित जिला जेल राजगढ़ में निरुद्ध कैदियों द्वारा ऑनलाइन शुभारंभ कार्यक्रम का प्रसारण देखा गया तत्पश्चात जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जेल बंदियों को यह बताया गया है कि इस जेल लोक अदालत का आयोजन पहली बार केवल बंदियों के मामलों का निराकरण आपसी राजीनामा के माध्यम से कराए जाने के उद्देश्य किया जा रहा है, जिससे कि वे अपने मामलों को खत्म कर सकते हैं एवं अपने धन और समय की बचत भी कर सकते हैं।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष द्वारा जिला जेल राजगढ़ का निरीक्षण किया गया। बंदियों से मुलाकात कर उनको जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत आवश्यक सुविधाओं जैसे स्वच्छ जल, भोजन, स्वास्थ्य उपचार दवाइयां आदि सुलभ होने की जानकारी ली गई। जेल में संचालित डिस्पेंसरी, पुस्तकालय, मुलाकात की व्यवस्था, स्टोर रूम, रसोई घर तथा भोजन की गुणवत्ता आदि को देखा गया।


