विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन राजगढ़ में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

राजगढ़,
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत जिले की अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया गया। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने की। बैठक में संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में आयोग द्वारा जारी विभिन्न पत्रों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रारूप प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। इसके बाद 23 दिसंबर 2025 से 20 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं, जिनका नियमानुसार निराकरण किया गया। निराकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का विधिवत प्रकाशन किया गया।
नामावली में हुए प्रमुख परिवर्तन इस प्रकार हैं—
कुल 16,839 नए मतदाताओं का पंजीयन
2,554 नामों का विलोपन
7,504 प्रविष्टियों में संशोधन
इन सभी प्रक्रियाओं के बाद जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 1,12,803 मतदाता सूची में दर्ज हैं। अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार जिले में 14,140 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं।
बैठक में बताया गया कि आमजन अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली का अवलोकन अपने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों तथा अन्य अधिकृत स्थानों पर कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त फोटो सहित अंतिम मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है।
सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम निर्वाचक नामावली की एक-एक प्रति हार्ड कॉपी तथा एक प्रति सीडी (फोटो सहित) प्रदान की गई। प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होने से वंचित रह गया हो तो वह निर्धारित प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें। नाम विलोपन के लिए प्रपत्र-7 तथा किसी प्रविष्टि में संशोधन हेतु प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है।
विशेष रूप से ऐसे युवा नागरिक जो 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

