“गो माता को सम्मान दिलाने हेतु ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ का आगाज़
27 अप्रैल को पूरा देश मनाएगा गो सम्मान दिवस”- ध्रुव जी महाराज युवा संत
राजगढ़ जीरापुर नगर में स्थित मेडतवाल धर्मशाला में बुधवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान की बैठक पूज्य संतो के सानिध्य में सम्पन्न हुई । बैठक में जिलेभर से आए संतों, गोभक्तों और गोसेवकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यह अभियान किसी संस्था, संगठन या राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि गौमाता और नंदी बाबा के सानिध्य में संचालित होगा। सम्मेलन में उपस्थित श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के संत एवं जुना अखाड़ा के थानापति रविन्द्रानद सरस्वती, आगर के युवा संत ध्रुव जी महाराज,कथावाचक पुरुषोत्तम जी महाराज,हरीश जी तिवारी, नन्द किशोर जी शर्मा कुंडी खेड़ा,प्रवीण शर्मा झाड़ मऊ,श्याम गुरुजी कोड़क्या,नारायण स्वामी,कमलेश जी नागर हीरालाल शर्मा,अनुराग शास्त्री जीरापुर एवं क्षेत्र के प्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता सतीश जी नागर,ग्वाल संत श्री सहित संतों और गोसेवकों ने एक स्वर में कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करवाना और गोवर्धन संस्कृति के संरक्षण के लिए ठोस सरकारी नीतियां बनवाना है। उपस्थित संतों ने सरकार से आग्रह किया कि गौ रक्षा के लिए केन्द्रीय कानून बनाया जाए, गोहत्या और गोतस्करी में लिप्त अपराधियों को आजीवन कारावास का प्रावधान हो तथा जब्त किए गए वाहनों को गोशालाओं के उपयोग में लाया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने मांग की कि गोबर और गोमूत्र पर आधारित अनुसंधान विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएं, पंचगव्य औषधियों का आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में नि:शुल्क वितरण किया जाए तथा सरकारी भवनों में गोबर पेंट और गौनाइल का उपयोग अनिवार्य किया जाए। गौशालाओं को मनरेगा से जोड़ा जाए, बिजली बिल में छूट मिले और निराश्रित गौवंश की सेवा के लिए चारे की उचित व्यवस्था हो।
*छह माह लगातार गौ संकीर्तन:*
अभियान से जुड़ी कार्ययोजना के अनुसार, जनवरी से मार्च 2026 तक पूरे देश में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके बाद अप्रैल में प्रत्येक तहसील और जिला मुख्यालय पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। यदि अपेक्षित उत्तर न मिला, तो जुलाई और अक्टूबर 2026 में पुन: चरणबद्ध रूप से यह प्रक्रिया दोहराई जाएगी। इसके बाद 27 फरवरी 2027 को देश के 800 जिलों और 5000 तहसीलों से आए संत और गोभक्त देश की राजधानी दिल्ली में एकत्र होकर शांतिपूर्ण संकीर्तन के माध्यम से गौ सेवा, गौ सुरक्षा और गौ सम्मान के लिए केन्द्र सरकार से आह्वान करेंगे। यह संकीर्तन छह माह यानी 15 अगस्त 2027 तक चलेगा।
*राजनीतिक स्वरूप में होगा अभियान:*
अभियान पूरी तरह अहिंसक रहेगा, इसमें किसी प्रकार का भाषण, मंचीय उद्घोषणा या राजनीतिक स्वरूप नहीं होगा। कोई भी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, केवल संकीर्तन, प्रार्थना और जनजागरण के माध्यम से संदेश दिया जाएगा। अभियान का प्रतीक केवल नंदी महाराज और गौमाता का चित्र होगा। आयोजन समिति ने देश के सभी गोप्रेमियों से इस पवित्र और निष्काम अभियान का संकल्प लिया ।


