विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में संचालित शीरधारा ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित 47 ग्रामों में से 42 ग्रामों में पशु चिकित्सा एवं पशुपालक जागरूकता शिविर शनिवार को आयोजित किए गए। विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त विकासखंड अधिकारी, पशु चिकित्सा क्षेत्रीय अधिकारी, मैत्री, पशु सखी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. सोनाली ठाकुर द्वारा बताया गया कि शेष ग्रामों में शिविर 26 अप्रैल, 2026 रविवार को आयोजित किए जाएंगे। मुख्य रूप से सलेपुर, जयनगर, धनियारी, किशनपुरा, सरेड़ी, आशापुरा और शमशेरपुरा में आयोजन किया गया। इन शिविरों में किसान कल्याण एवं कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रतिनिधि तथा 21 स्व-सहायता समूहों की महिलाएं भी शामिल हुईं। इसके अतिरिक्त, ब्यावरा में मालवा डेयरी और निजी दुग्ध समितियों के सदस्य भी शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान शीरधारा ग्राम योजना के उद्देश्यों को पशुपालकों के साथ साझा किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र राजगढ़ के वैज्ञानिक डॉ. लाल सिंह ने पशुपालकों को खाद एवं हरा चारा प्रबंधन की जानकारी दी।पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सरपंचों एवं पदाधिकारियों ने भी योजना की जानकारी दी।
जिले में आयोजित सभी 42 शिविरों में कुल 1,566 पशुपालकों को लाभ मिला तथा 1,598 पशुओं का उपचार, औषधि वितरण एवं बांझपन निवारण किया गया। 87 किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन, डेयरी प्लस योजना के 10 आवेदन, बकरी पालन इकाई के 12 आवेदन तथा आचार्य विद्यासागर योजना के 4 आवेदन प्राप्त हुए। शिविरों में 21 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया और योजना पर चर्चा की।


