जिले में वाणिज्यिक एलपीजी गैस की सप्लाई पर अस्थायी रोक, घरेलू उपभोक्ताओं को ही मिलेगी गैस

राजगढ़, जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी एलपीजी वितरकों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा थिंक गैस प्रबंधन के साथ चर्चा कर यह निर्णय लिया गया है कि फिलहाल गैस की आपूर्ति केवल घरेलू उपभोक्ताओं को ही की जाएगी।
प्रशासन द्वारा एलपीजी वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए कुछ अतिरिक्त उपाय भी लागू किए गए हैं। इसके तहत किसी भी उपभोक्ता की पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जाएगी, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में चिकित्सालय और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर अन्य किसी भी वाणिज्यिक उपभोक्ता जैसे होटल, मॉल, औद्योगिक क्षेत्र, फैक्ट्री या बल्क एलपीजी का उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों को कमर्शियल एलपीजी (बल्क और पैक्ड) की सप्लाई नहीं की जाएगी।
जिले में आईओसीएल, भारत गैस और बीपीसीएल कंपनियों के कुल 32 एलपीजी वितरक कार्यरत हैं। वितरकों के अनुसार वर्तमान में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और एजेंसी द्वारा इंडेंट लगाने पर दूसरे ही दिन स्टॉक प्राप्त हो जाता है।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और अपनी बारी आने पर ही रिफिल प्राप्त करें। साथ ही रिफिल बुकिंग से संबंधित समस्याओं का निराकरण संबंधित ऑयल कंपनियों द्वारा कर दिया गया है।
