नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग को मिली गति

राजगढ़ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में जिले में “नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF)” के अंतर्गत महत्वपूर्ण पहल की गई है। साथ ही सोमवार को आयोजित बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 13 बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें से 8 बीआरसी द्वारा जैविक उत्पाद जैसे जीवामृत, बीजामृत एवं नीमास्त्र तैयार कर लिए गए हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में इन जैविक उत्पादों को लगभग 45 दिनों की प्रक्रिया के बाद तैयार किया गया है। विशेष बात यह है कि जिले के सभी बीआरसी में उत्पादों की पैकिंग एवं लेबलिंग में एकरूपता रखी गई है, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित उत्पाद उपलब्ध हो सकें।
बैठक में जैविक उत्पादों की दर भी निर्धारित की गई। इसके अनुसार जीवामृत की कीमत 500 रूपये प्रति एकड़ (5 लीटर) तथा नीमास्त्र की कीमत 500 रूपये प्रति एकड़ (2 लीटर) तय की गई है। यह पहल प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में मददगार साबित होगी। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वयं बीआरसी संचालकों से निर्धारित राशि देकर उत्पाद क्रय कर इस अभियान को प्रोत्साहित किया और अन्य किसानों को भी जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल भूमि की उर्वरता बढ़ाती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय वृद्धि में भी सहायक है।




