विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिला जेल एवं जिला चिकित्सालय राजगढ़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राजगढ़ विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजगढ़ द्वारा जनहित में जिले के दो प्रमुख स्थानों जिला जेल एवं जिला चिकित्सालय राजगढ़ में व्यापक विधिक जागरूकता एवं साक्षरता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों एवं बंदियों को उनके स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों एवं उपलब्ध योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। जिला जेल राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष न्यायाधीश श्री उपेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नीलिमा देव दत्त, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री देव दत्त एवं डिप्टी चीफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम श्री नारायण सिंह वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक एवं समस्त जेल स्टाफ का भी सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा बंदियों को उनके स्वास्थ्य संबंधी विधिक अधिकारों, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं न्यायालयीन मामलों में उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से यह बताया गया कि वर्तमान में न्याय एवं पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयासों से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के कारण जेलों में बंदियों की संख्या में वृद्धि हुई है। ऐसे में सभी बंदियों को उनके अधिकारों एवं अपराध के परिणामों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे विधिक रूप से सशक्त हो सकें।
जिला चिकित्सालय राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड सुश्री स्निग्धा पाठक एवं सुश्री स्वाति भार्गव उपस्थित रहीं। चिकित्सालय प्रशासन की ओर से सिविल सर्जन एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. रजनीश शर्मा, डॉ. राजेन्द्र कटेरिया, डॉ. सुधीर कलावत, डॉ. अमित कोली, डॉ. पी.के. जैन, श्री राहुल राजपूत, श्री मनीष झा एवं श्री रामनिवास लववंशी सहित अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आमजनों, मरीजों एवं उनके परिजनों को उनके स्वास्थ्य अधिकारों, चिकित्सा सेवाओं में आने वाली बाधाओं के समाधान एवं निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य अतिथियों द्वारा बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजगढ़ से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से भी विधिक परामर्श एवं सहायता उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। डॉ. अमित कोली एवं आयुष्मान प्रभारी द्वारा बताया गया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को 5 लाख रूपये तक का निःशुल्क उपचार चयनित अस्पतालों में उपलब्ध है। डॉ. राजेन्द्र कटेरिया द्वारा कैंसर उन्मूलन एवं उपचार संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
डॉ. पी.के. जैन द्वारा जिला चिकित्सालय में उपलब्ध विभिन्न रोगों के निदान एवं उपचार सुविधाओं से अवगत कराया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बंदियों एवं आमजनों को उनके स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजगढ़ भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
*समा क्रं./001/1506/03/2026 ……..00……. फोटो क्रं. 07 से 10*



