राजगढ़ नगर में कड़ाके की ठंड, तापमान ने बनाया रिकॉर्ड
राजगढ़ नगर में गुरुवार को ठंड का असर पूरे दिन देखने को मिला। मौसम ने अचानक करवट ली और न्यूनतम तापमान गिरकर 9.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया, जो इस मौसम का अब तक का रिकॉर्ड न्यूनतम तापमान माना जा रहा है।
अधिक आर्द्रता (नमी) के चलते दिनभर ठंडी हवाएँ चलती रहीं, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया। सुबह के समय हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहे। सुबह 10:00 बजे तक नगर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम रही और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नमी की अधिकता तापमान में हल्की बढ़ोतरी का कारण बनती है, हालांकि इसका प्रभाव आम लोगों को सीधे तौर पर महसूस नहीं होता। भूगोल विज्ञान के अनुसार यह मौसम परिवर्तन एक प्राकृतिक प्रक्रिया है।
जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राजगढ़ नगर में सुबह और शाम के समय ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। 


