RAJGARH

TET अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संयुक्त मोर्चा का आंदोलन तेज

 

 

राजगढ़, अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, जिला राजगढ़ की जिला स्तरीय संयुक्त बैठक आज मिडवे ट्रीट पर संपन्न हुई। बैठक में सुरेश दांगी, भगवान सिंह राणावत, चंदर सिंह तोमर सहित सक्रिय प्रतिनिधि शिवराज सिंह भदौरिया, दौलत सिंह वर्मा एवं दुलीचंद वर्मा उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 06 अप्रैल 2026 को ब्लॉक जीरापुर में चंदर सिंह तोमर बैठक लेंगे, जबकि 07 अप्रैल 2026 को जिले के अन्य सभी ब्लॉकों में मोर्चा के जिलाध्यक्ष द्वारा ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित कर आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तय की जाएगी।

प्रांतीय संयुक्त मोर्चा के प्रदेश प्रतिनिधि रामचरण वर्मा ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के पालन में राज्य शासन द्वारा स्कूल शिक्षा एवं आदिम जाति विभाग के माध्यम से शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। जबकि वर्ष 1998 अथवा उसके बाद नियुक्त अनेक शिक्षक वर्तमान में सेवा निवृत्ति की ओर अग्रसर हैं।

संयुक्त मोर्चा की मांग है कि राज्य शासन शिक्षकों के हित में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर करे तथा वर्ष 1998 या उसके बाद की प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता एवं समस्त सेवा लाभ प्रदान किए जाएं।

उल्लेखनीय है कि 29 मार्च 2026 को विभिन्न शिक्षक संगठनों ने संयुक्त रूप से “अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा” का गठन कर त्रिस्तरीय आंदोलन की घोषणा की थी। इसके अंतर्गत 08 अप्रैल को जिला स्तर, 11 अप्रैल को ब्लॉक स्तर तथा 18 अप्रैल 2026 को राजधानी भोपाल में प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन एवं रैली आयोजित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button