जल गंगा संवर्धन अभियान: श्रमदान से दिया जल संरक्षण का सशक्त संदेश जनभागीदारी से बढ़ेगी जागरूकता, सुरक्षित होगा भविष्य का जल

.राजगढ़, मध्यप्रदेश शासन के “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जिले में जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न गतिविधियां सतत रूप से संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड राजगढ़ के ग्राम तोतिपुरा में आयोजित “बोरी बंधान कार्यक्रम” के दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने स्वयं श्रमदान कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संदेश दिया।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि जल संरक्षण केवल शासन का कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे परंपरागत जल संरचनाओं के संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं जल के समुचित उपयोग के प्रति सजग रहें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, श्री संदीप सोनी, जिला समन्वयक श्री प्रवीण सिंह पंवार सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा “आओ, सब जुड़ें” के संदेश के साथ सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में जल स्रोतों की साफ-सफाई, गहरीकरण, बोरी बंधान एवं अन्य संरक्षणात्मक गतिविधियों के माध्यम से जल संरचनाओं को पुनर्जीवित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, जिससे “जब सब जुड़ेंगे, तब ही जल बचेगा, धरती बचेगी और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा” का संकल्प साकार हो सके।।




