उत्तराखंड: बागेश्वर में शुरू हुई जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता

देहरादून (SHABD):जिला ताइक्वांडो एवं पारा ताइक्वांडो एसोसिएशन ने बागेश्वर में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में जिले के 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों और भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है।
ताइक्वांडो सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ताइक्वांडो एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने बच्चों और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।




