HPV वैक्सीनेशन में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, कलेक्टर ने जारी किए कारण बताओ नोटिस
राजगढ़,
जिले में संचालित HPV वैक्सीनेशन अभियान में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में टीकाकरण कार्य की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि विभिन्न विकासखंडों में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) की उपलब्धता एवं कार्य निष्पादन अपेक्षित स्तर से कम है। सोंगरपुर, ब्यावरा, नरसिंहगढ़, राजगढ़, खिलचीपुर एवं जीरापुर क्षेत्रों में CHO की औसत उपलब्धता लगभग 30 प्रतिशत रही, जो निर्धारित 52 प्रतिशत के औसत से काफी कम है। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिले के कुल 53 CHO को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में HPV वैक्सीनेशन का लक्ष्य 15,942 निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 8,478 हितग्राहियों को टीके लगाए जा चुके हैं। कलेक्टर ने शेष लक्ष्य को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि टीकाकरण कार्य में तेजी लाते हुए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी सुनिश्चित करें तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि HPV वैक्सीनेशन अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


