Breaking News

यूसीसी सुझाव अभियान में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, मोहर्रम की तैयारियां सुदृढ़ करने एवं नवाचारों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश

 

 

 

 

 

 

भोपाल संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं प्रशासनिक विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने आगामी शुक्रवार को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही भोपाल संभाग के सभी जिलों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक जिले द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों एवं नवाचारों का तथ्यात्मक एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण तैयार किया जाए।

 

बैठक में रात्रि चौपाल कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर बल दिया गया। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में सुझाव प्राप्त करने के अभियान में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संभाग स्तर पर प्रस्तावित समीक्षा के लिए सभी जिलों को अद्यतन एवं सटीक आंकड़ों सहित प्रस्तुतीकरण तैयार करने को कहा गया।मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा सभी संबंधित विभागों के मध्य समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

बैठक में थिंक गैस द्वारा पीएनजी कनेक्शन विस्तार की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक अनुमतियों के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के प्रतिवेदन एवं प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रेषित करने पर भी विशेष बल दिया गया। संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खनिज संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में यदि कोई महत्वपूर्ण समस्या अथवा अवरोध हो तो उसे तत्काल चिन्हित कर उच्च स्तर पर अवगत कराया जाए।

 

बैठक में संबल योजना, मुख्यमंत्री प्रगति कार्यक्रम के प्रकरणों, मोबाइल टावर स्थापना संबंधी अनुमतियों, भू-अर्जन प्रकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

Related Articles

Back to top button