सांझा चूल्हा योजना के तहत पोषण प्रदर्शनी एवं कुकिंग प्रतियोगिता का हुआ आयोजन बच्चों के भोजन को पौष्टिक एवं रुचिकर बनाने के लिए सेक्टर स्तर पर हुए नवाचार

राजगढ़
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार सांझा चूल्हा योजना अंतर्गत बच्चों को प्रदान किए जाने वाले नाश्ता एवं भोजन को अधिक रुचिकर, स्वादिष्ट एवं पौष्टिक बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग नरसिंहगढ़ द्वारा विभिन्न सेक्टरों में पोषण प्रदर्शनी एवं पौधारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा सेक्टर स्तर पर पोषण प्रदर्शनी, कुकिंग प्रतियोगिता एवं जनजागरूकता गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के परिपालन में महिला एवं बाल विकास परियोजना नरसिंहगढ़ के विभिन्न सेक्टरों में कुल 9 स्थानों पर पोषण प्रदर्शनी एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान बच्चों के भोजन की पौष्टिकता बढ़ाने तथा स्वाद संवर्धन के लिए स्थानीय एवं उपलब्ध खाद्य सामग्रियों से विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन तैयार करने की विधियों का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं माताओं को संतुलित आहार, पोषण संबंधी आवश्यकताओं तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में पौष्टिक भोजन की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सांझा चूल्हा समूह की महिलाओं, बच्चों की माताओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रमों में सहभागी महिलाओं ने बच्चों के लिए पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन तैयार करने के विभिन्न नवाचारों को साझा किया तथा ऐसे आयोजनों को जनजागरूकता और कुपोषण मुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।



