उत्तर प्रदेश

23 जून को बलिदान दिवस तो 25 जून को काला दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा

रांची (SHABD) :भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में सांसदों, विधायकों, जिला संगठन प्रभारियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा आगामी दिनों में विभिन्न जनसंपर्क और संगठनात्मक कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन करेगी। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी शक्ति केंद्रों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि 23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को सभी मंडलों में श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। वहीं 25 जून को देश में लगाए गए आपातकाल की याद में काला दिवस मनाया जाएगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वालों को याद किया जाएगा।

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने के ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जाएगा। 6 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत महाजनसंपर्क, स्वच्छता अभियान, प्रबुद्धजन संपर्क, जैविक कृषि गोष्ठी और विकसित भारत संकल्प गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती भी धूमधाम से मनाई जाएगी।

बैठक में 30 जून से प्रारंभ होने वाली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की सफलता और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद सहित पार्टी के सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।

Related Articles

Back to top button