स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित योगाभ्यास आवश्यक – राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

राजगढ़, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में उत्साह, उमंग एवं जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों एवं संस्थानों में सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्टेडियम ग्राउंड राजगढ़ में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश शासन के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक श्री रघुनंदन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, श्री मनोज हाड़ा, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री फूलसिंह तंवर, श्री के.पी. पंवार, श्री सचिन मौर्य, श्री साकेत शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया तथा उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का श्रवण किया।
अपने उद्बोधन में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसकी परंपरा ऋषि-मुनियों के काल से चली आ रही है। आज संपूर्ण विश्व योग की महत्ता को स्वीकार कर रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व समुदाय इसे अपनाकर लाभान्वित हो रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति की कार्यक्षमता, आत्मविश्वास एवं मानसिक सशक्तता को बढ़ाता है, जिससे समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अर्द्धचक्रासन तथा विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रत्येक आसन के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री श्री पंवार ने जिले में पदस्थ नव आरक्षकों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्री करण सिंह भिलाला ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




