भोजपुर में पानी चोरी पर जल निगम की बड़ी कार्रवाई मोटर जब्त 70,800 रुपए का जुर्माना लगाया

कुंडलिया समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत ग्राम भोजपुर में अवैध रूप से पानी की चोरी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ के निवासी सोनू मालाकार द्वारा योजना के वाल्व चेंबर में मोटर लगाकर अवैध रूप से पानी का दोहन किया जा रहा था, जिसके कारण क्षेत्र के कई गांवों की पेयजल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। शिकायत मिलने पर जल निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके का औचक निरीक्षण किया। पानी चोरी की पुष्टि होने पर टीम ने अवैध रूप से लगाई गई मोटर को जब्त कर लिया और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
मौके पर उपस्थित जल निगम के उप प्रबंधक श्री अर्जुन परिहार ने बताया कि आरोपी ने वाल्व चैम्बर में मोटर डालकर कुएं में पानी डाल रहा था और सिंचाई में उपयोग कर रहा था जिसका विस्तृत पंचनामा बनाकर मोटर जब्त की गई है।जल निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पेयजल योजनाओं की सुरक्षा में प्रशासन का सहयोग करें। यदि कहीं भी पानी की चोरी या शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी कोई गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत जल निगम की टीम को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
महाप्रबंधक जल निगम श्री यू.के. चौधरी द्वारा संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर 70,800 रुपए की क्षतिपूर्ति एवं जुर्माना राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में जुर्माना राशि जमा नहीं की गई, तो संबंधित के खिलाफ ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता’ की धारा 152 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



