लोन ऐप के नाम पर ब्लैकमेलिंग करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश *अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर करते थे अवैध वसूली, 04 आरोपी गिरफ्तार*

राजगढ़ जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन में लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे* के निर्देशन तथा एसडीओपी राजगढ़ *श्री अरविंद सिंह राठौर* के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली राजगढ़ पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय साइबर ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 02.06.2026 को एक आवेदक द्वारा थाना कोतवाली राजगढ़ में शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर फर्जी लोन रिकवरी के नाम पर उसे भयभीत एवं प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोपियों द्वारा आवेदक की फोटो का दुरुपयोग कर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा उसके परिचितों एवं रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी गई। आरोपियों के दबाव एवं भय के कारण आवेदक ने विभिन्न यूपीआई खातों में *कुल ₹28,000 की राशि* स्थानांतरित कर दी।
शिकायत की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना कोतवाली में *अपराध क्रमांक 376/2026 अंतर्गत धारा 318(4), 308(2), 308(5) एवं 308(6) बीएनएस* के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
*गिरोह की कार्यप्रणाली (Modus Operandi)*
विवेचना एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी फर्जी लोन ऐप एवं रिकवरी एजेंट बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके पश्चात पीड़ितों की व्यक्तिगत जानकारी एवं फोटो का दुरुपयोग कर उन्हें अश्लील फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी तथा मानसिक दबाव बनाकर धनराशि की अवैध वसूली की जाती थी।
आरोपियों द्वारा प्राप्त धनराशि को विभिन्न डिजिटल माध्यमों से स्थानांतरित कर Binance जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से USDT (क्रिप्टो करेंसी) में परिवर्तित किया जाता था, जिससे धन के स्रोत एवं लेन-देन को छिपाया जा सके। जांच के दौरान इस गिरोह के अंतर्राज्यीय एवं संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत भी प्राप्त हुए हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
*गिरफ्तार आरोपी*
पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया गया—
1. *मोहम्मद आकीब खान* (22 वर्ष) निवासी जिला अमेठी (उ.प्र.)
2. *इस्माइल (28 वर्ष)* निवासी जिला अमेठी (उ.प्र.)
3. *मोहम्मद इल्तिफात* (28 वर्ष) निवासी जिला अमेठी (उ.प्र.)
4. *अरमान हुसैन* निवासी जिला अमेठी (उ.प्र.)
*पुलिस की कार्रवाई*
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रकरण से संबंधित बैंक खातों डिजिटल लेन-देन, मोबाइल फोन, सोशल मीडिया खातों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। उक्त आरोपियों के बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की गई जिसमें इनके दवारा *लगभग 30 लाख* रुपये की अन्य लोगों के साथ ठगी की गई है। जो *बायनेंस के माध्यम से* अन्य खार्ता में स्थानान्तरित की गई है उन खातों की जानकारी प्राप्त कर प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजगढ़ पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति अथवा संदिग्ध लोन ऐप पर विश्वास न करें। अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग अथवा वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति अश्लील फोटो, वीडियो अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री वायरल करने की धमकी देकर धन की मांग करता है, तो घबराएं नहीं और तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




