Breaking News

कॉलेज चलो अभियान” के माध्यम से उच्च शिक्षा का संदेश लेकर विद्यार्थियों के बीच पहुँचा महाविद्यालय

 

राजगढ़

उच्च शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित “कॉलेज चलो अभियान” के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ द्वारा खुजनेर क्षेत्र में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में तथा अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. आभा आनंद के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान के दौरान खुजनेर बस स्टैंड पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों एवं नागरिकों को उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए प्रेरक नारे लगाए गए।

 

कार्यक्रम में डॉ. दिनेश कुमार मालवीय द्वारा विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों तथा शासन की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय द्वारा जनभागीदारी के माध्यम से मात्र एक रुपये प्रतिदिन पर जनभागीदारी मद से महाविद्यालय द्वारा बस सेवा संचालित की जा रही है। डॉ. मालवीय ने नवीन प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश के सीएलसी चरण में स्नातक स्तर पर ऑनलाइन पंजीयन आवेदन 19 जून 2026 तक, दस्तावेज सत्यापन 20 जून तक तथा सीट आवंटन 23 जून को किया जाएगा। आवंटित महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क जमा करने की अवधि 23 जून से 30 जून 2026 तक निर्धारित की गई है।

 

इसी प्रकार स्नातकोत्तर स्तर पर ऑनलाइन पंजीयन आवेदन 19 जून 2026 तक, दस्तावेज सत्यापन 10 जून से 20 जून 2026 तक तथा सीट आवंटन 24 जून 2026 को किया जाएगा। प्रवेश शुल्क जमा करने की अवधि 24 जून से 30 जून 2026 तक निर्धारित है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विशेष रूप से बी.कॉम. (बीएफएसआई) पाठ्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी गई। इस पाठ्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. प्रकाश कुमार अहिरवार हैं। यह पाठ्यक्रम बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं बीमा क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं प्रदान करता है तथा विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास का अवसर उपलब्ध कराता है।

 

 

Related Articles

Back to top button