भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल: रेलवे यात्रियों को 9 वर्षों से निशुल्क शीतल जल सेवा

ब्यावरा। भीषण गर्मी, तपती धूप और लू के थपेड़ों के बीच ब्यावरा की जागृति महिला मंडल रचनात्मक समाजसेवी संस्था द्वारा लगातार नौ वर्षों से संचालित की जा रही निशुल्क जल सेवा मानवता और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण बन गई है। संस्था के पदाधिकारियों एवं नगर के समाजसेवी भाई-बहनों, बच्चों और बुजुर्गों के सहयोग से रेलवे ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को प्रतिदिन ठंडा एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
संस्था द्वारा प्रतिदिन लगभग 80 से 100 कैंपर शीतल जल यात्रियों को वितरित किया जा रहा है। भीषण गर्मी के इस दौर में यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस सेवा अभियान को यात्रियों द्वारा भी सराहा जा रहा है। जल सेवा के दौरान ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को नि:शुल्क ठंडा पानी उपलब्ध कराकर उनकी प्यास बुझाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
इस सेवा कार्य में प्रमुख रूप से सुश्री रचना भार्गव (सचिव, जागृति महिला मंडल), अजय दीक्षित, इरशाद हैदर, संदीप पाराशर, इंदिरा कुशवाहा, राजाराम शिवहरे, वेदांश पचौरी, मुकेश पालीवाल, श्रीमती सीमा शिवहरे, सुनील शिवहरे, विशाल साहू, मुख्तार भाई, जावेद भाई, हरिशंकर शर्मा, पूनम गुप्ता, पुरुषोत्तम साहू, अशोक खत्री, भारत कुशवाहा, केशव दीक्षित सहित अनेक समाजसेवी प्रतिदिन अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि समाज के सहयोग से यह सेवा अभियान पिछले नौ वर्षों से निरंतर संचालित हो रहा है और आगे भी गर्मी के दिनों में यात्रियों की सुविधा के लिए जारी रहेगा। सेवा से जुड़े लोगों का मानना है कि प्यासे व्यक्ति को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और इसी भावना के साथ यह अभियान निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।



