अवैध रेत उत्खनन पर सुठालिया (मऊ) पुलिस का बड़ा प्रहार, 24 लाख रुपये के 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

(राजगढ़), 8 जून। जिले में अवैध खनन और रेत चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुठालिया (मऊ) पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्वती नदी से अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में लगे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। जब्त किए गए वाहनों और रेत की कुल अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित कुमार तोलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी ब्यावरा श्री प्रकाश शर्मा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सुठालिया (मऊ) उनि अनिल राहोरिया एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 7 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम महाराजखेड़ा स्थित पार्वती नदी के किनारे अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। जांच में पाया गया कि बिना रॉयल्टी के अवैध रूप से रेत भरकर परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से दो सोनालिका एवं दो स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त किए हैं। सभी वाहनों के विरुद्ध अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) तथा खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना पुलिस ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा कराया है। वहीं मौके से फरार हुए अज्ञात चालकों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और रेत चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मुख्य बिंदु:
पार्वती नदी किनारे अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई
4 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त
कुल मशरूका कीमत लगभग 24 लाख रुपये
सभी चालक मौके से फरार
अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी
बीएनएस एवं खान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज।




