RAJGARH

14 वर्षीय बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 19 हजार बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य

 

 

राजगढ़, जिले में 14 वर्षीय बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शनिवार को जिला अस्पताल, राजगढ़ से गरिमामय समारोह के साथ किया गया। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु शिक्षा विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, पंचायत विभाग एवं मैदानी अमले को समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है, अतः सभी विभाग पूर्ण सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने कार्यक्रम के दौरान टीकाकरण करवा रही बालिकाओं को एचपीवी टीके के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है और बालिकाओं के उज्ज्वल स्वास्थ्य भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अपर जिला दण्डाधिकारी प्रताप सिंह चौहान ने टीकाकरण प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल.पी. भकोरिया ने बताया कि जिले की सात स्वास्थ्य संस्थाओं—जिला अस्पताल (पीपी सेंटर) राजगढ़, सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़ एवं ब्यावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिलचीपुर, जीरापुर, खुजनेर एवं सारंगपुर—में टीकाकरण प्रारंभ किया गया है। जिले में लगभग 19 हजार बालिकाओं को आगामी 90 दिनों में टीकाकृत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीकाकरण हेतु बालिका के अभिभावक की सहमति अनिवार्य है।

टीकाकरण के प्रथम दिवस डॉ. अमित कोहली ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री का टीकाकरण करवा कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा, डॉ. जे.के. शाक्य, डॉ. डी.पी. पटेल, डॉ. सुधीर कलावत, डॉ. आर.के. कठेरिया, डॉ. आर.के. जैन, डॉ. महेंद्रपाल सिंह, डीसीएम सुनील वर्मा, शहरी आशा कार्यकर्ता एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवा कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में सहयोग करें।।

Related Articles

Back to top button