RAJGARH

 एक दिवसीय सेमिनार और ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 पर गहन चर्चा एवं जागरूकता हेतु IQAC के अंतर्गत एक दिवसीय सेमिनार और ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री रोडमल नागर रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की आर्थिक दिशा और युवाओं के लिए बजट में निहित अवसरों से अवगत कराया।

 

समारोह का प्रारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गान के साथ हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. प्रकाश कुमार अहिरवार ने बजट सेमिनार एवं युवा संवाद की प्रासंगिकता और विद्यार्थियों के लिए इसके महत्व को विस्तार से समझाया।

 

साथ ही विशेष विषय विशेषज्ञ वक्ता के रूप में उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री पीयूष वैष्णव ने बजट के तकनीकी आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए बताया कि सरकार ने बुनियादी ढांचे के लिए 12.5 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय निर्धारित किया है और राजकोषीय घाटे को 4.5 प्रतिशत से नीचे लाने का लक्ष्य रखा है, जो भारत की आर्थिक सुदृढ़ता का प्रमाण है।सांसद श्री नागर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प पर जोर देते हुए कहा कि, यह बजट एक वर्षीय न होकर विकसित भारत 2024 का विजन है साथ ही “यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और नए भारत के निर्माण का रोडमैप है।” उन्होंने शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उनके द्वारा बजट की बारीकियों का अत्यंत सरल और प्रभावशाली विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में विद्यार्थियों ने बजट और अर्थव्यवस्था से जुड़े चुनौतीपूर्ण प्रश्न पूछे। सर्वाधिक सटीक उत्तर देने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सांसद श्री नागर द्वारा स्वयं पुरस्कृत किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ। साथ ही कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी, भूतपूर्व विद्यार्थी, जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेंद्र कुमार मेवाडे सहायक प्राध्यापक राजनीति विज्ञान द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button