बिहार-झारखण्‍ड

गया में LPG गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी और प्रशासन सक्रिय

गया जी (SHABD) : गया जिले में घरेलू LPG गैस की हो रही किल्लत को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने घरेलू LPG गैस की सुचारू आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय कर दिया है। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या न हो और गैस का ब्लैकमार्केटिंग न हो।

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि LPG गैस की कोई कमी नहीं है। सभी वितरक और गैस कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि पैनिक बुकिंग न करें। उपभोक्ताओं के हित में एलपीजी गैस की पारदर्शी और सुचारू आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले से लेकर प्रखंड स्तर तक LPG गैस डीलरों और वितरकों के यहां नियमित निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। उपभोक्ताओं और आम जनता से फीडबैक लिया जा रहा है। ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक मूल्य पर बिक्री की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर एलपीजी सिलेंडर से संबंधित शिकायतों के निवारण और सिलेंडर जमाखोरी रोकने हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारी और मार्केटिंग ऑफिसर सतत सक्रिय हैं। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति निरीक्षक और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी नोडल पदाधिकारी के रूप में तैनात हैं। ये नोडल अधिकारी उपभोक्ताओं और नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर शिकायतों का निवारण कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि घरेलू LPG गैस से संबंधित मामलों के अनुश्रवण हेतु जिला स्तर पर हेल्पलाइन/जिला नियंत्रण कक्ष भी क्रियाशील है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिस ग्राहक का गैस नंबर पहले दर्ज किया गया है, उसे पहले गैस उपलब्ध कराई जाएगी। ऑनलाइन बुकिंग में कठिनाई को देखते हुए मैन्युअल बुकिंग की व्यवस्था की गई है।

 

Related Articles

Back to top button