राजगढ़ नगर की कॉलोनियों में नल नहीं चलने से पेयजल संकट, रहवासियों को हो रही परेशानी

राजगढ़। शहर के कई इलाकों में इन दिनों नगर पालिका द्वारा नियमित पेयजल सप्लाई व नल नहीं चलने के कारण पेयजल संकट की स्थिति बन गई है। अलग-अलग कॉलोनियों के रहवासियों ने बताया कि कई दिनों से नियमित रूप से नल नहीं आने के कारण लोगों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने नगर पालिका से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
रहवासियों के अनुसार कलखेत क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन भी पानी नहीं आया। इसके कारण लोगों को पीने और घरेलू कामों के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष से हॉस्पिटल रोड क्षेत्र में पानी का टैंकर भेजने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
वहीं बाराद्वारी क्षेत्र में भी नियमित पानी सप्लाई नहीं हो पा रही है। यहां एक दिन छोड़कर नल दिए जा रहे हैं। शुक्रवार को त्यौहार के दिन कई महिलाओं ने व्रत रखा था, लेकिन नल नहीं आने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी।
इसके अलावा श्याम विहार कॉलोनी और अंसारी कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि करीब पांच दिनों से नल नहीं आ रहे हैं। ऐसे में लोग शासकीय पानी की टंकी और ट्यूबवेल के सहारे काम चला रहे हैं। कई परिवारों को मजबूरी में पैसे देकर पानी की केन मंगवाकर पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है।
नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द पानी की नियमित आपूर्ति शुरू की जाए और जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर भेजकर लोगों को राहत दी जाए।


