RAJGARH

जनगणना कार्यों की प्रगति की कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने की समीक्षा

 

राजगढ़

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा मंगलवार को जिले में संचालित जनगणना कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वगणना प्रगणकों को जॉइनिंग लेटर वितरण, किट वितरण एवं तकनीकी टीम के गठन की चार्जवार समीक्षा की गई।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए गंभीरता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वगणना की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में सीएमओ तलेन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पचोर तहसीलदार को भी कार्य में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रगणकों को समय पर जॉइनिंग लेटर एवं किट उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे कार्य में कोई बाधा न आए। तकनीकी टीम का गठन शीघ्र पूर्ण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें एवं प्रगति की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करें, ताकि जिले में जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो सके।

Related Articles

Back to top button