अफवाहों से बढ़ी पेट्रोल पंपों पर भीड़, प्रशासन ने की संयम बरतने की अपील

राजगढ़। जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के चलते नगर के पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ बढ़ गई है। बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के लोग अधिक मात्रा में ईंधन भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे अनावश्यक दबाव की स्थिति बन रही है।
इस बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अजित कुमार सिंह ने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
वहीं पेट्रोल पंप संचालकों ने भी भरोसा दिलाया है कि ईंधन की किसी प्रकार की कमी नहीं है और नियमित रूप से सप्लाई जारी है। इसके बावजूद वाहन चालकों में डर का माहौल देखने को मिल रहा है, जिसके चलते कई स्थानों पर भीड़ की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आवश्यकतानुसार ही ईंधन भरवाएं और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए अफवाहों को फैलने से रोकें।




