कागजों में विकास, धरातल पर शून्य: हालाहेड़ी पंचायत में 46 लाख के कामों पर सवाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

राजगढ़।जिले की खिलचीपुर तहसील अंतर्गत ग्राम हालाहेड़ी पंचायत में विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत में सरकारी योजनाओं के तहत कागजों में विकास कार्य दर्शाकर 46 लाख रुपए से अधिक की राशि निकाल ली गई, जबकि मौके पर इन कार्यों का कोई अस्तित्व नजर नहीं आता।
मंगलवार को गांव के कई युवा राजगढ़ पहुंचे और कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वर्ष 2023 से अब तक पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के लिए शासन से लाखों रुपए की राशि स्वीकृत हुई, लेकिन इन कार्यों का वास्तविक लाभ गांव को नहीं मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के रिकॉर्ड में अधिकांश कार्य पूर्ण दर्शाए गए हैं, लेकिन जब इन स्थानों का निरीक्षण किया जाता है तो वहां कोई निर्माण या विकास कार्य दिखाई नहीं देता।
जल गंगा संवर्धन अभियान में भी गड़बड़ी के आरोप
शिकायत में यह भी बताया गया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत स्वीकृत पौधारोपण कार्यों में भी भारी अनियमितताएं हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार वृक्षारोपण के नाम पर लाखों रुपए का भुगतान कागजों में कर दिया गया, जबकि कई स्थानों पर एक भी पौधा नहीं लगाया गया।
फर्जी वेंडर के नाम भुगतान का आरोप
ग्रामीणों ने पंचायत में सामग्री खरीदी के नाम पर भी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरपंच की मिलीभगत से एक ऐसे वेंडर के नाम से भुगतान किया गया जो कोई वास्तविक व्यापारी नहीं है, बल्कि सरपंच का ही परिजन है। आरोप है कि इस माध्यम से सरपंच के पुत्र कुशल दांगी को करीब 16 लाख रुपए से अधिक का भुगतान किया गया।

