एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी की सौगात: पाटन कला उप स्वास्थ्य केंद्र व राजगढ़ बस स्टैंड पर आरओ प्लांट स्थापित

राजगढ़।NTPC Green Energy Limited (NGEL) द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत जिले में दो महत्वपूर्ण स्थानों पर आरओ जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित कर स्वच्छ पेयजल की दिशा में सराहनीय पहल की गई है।
पाटन कला उप स्वास्थ्य केंद्र में 120 लीटर क्षमता का आरओ प्लांट
एनजीईएल द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र, पाटन कला में 120 लीटर क्षमता की आरओ जल शुद्धिकरण प्रणाली स्थापित की गई है। इससे मरीजों, उनके परिजनों, आसपास के विद्यालय के छात्र-छात्राओं, आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों तथा राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। यह व्यवस्था स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ ही जलजनित रोगों की रोकथाम में भी सहायक सिद्ध होगी।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र को आवश्यक चिकित्सा उपकरणों एवं फर्नीचर से भी सुसज्जित किया गया है। इन सुविधाओं का विधिवत हस्तांतरण श्री मुकेश कुमार मीणा (वरिष्ठ प्रबंधक, NGEL) एवं श्री रजनीश त्रिपाठी (अभियंता, NGEL) द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती शफिया खान को किया गया।
राजगढ़ बस स्टैंड पर 300 लीटर क्षमता की आरओ प्रणाली
इसी क्रम में नगर पालिका राजगढ़ बस स्टैंड परिसर में 300 लीटर क्षमता की आरओ जल शुद्धिकरण प्रणाली स्थापित की गई है। इससे प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों एवं राहगीरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
इस सुविधा का विधिवत हस्तांतरण नगर पालिका राजगढ़ को किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी की यह पहल सामाजिक सरोकारों के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और क्षेत्र में स्वास्थ्य व स्वच्छता को मजबूती प्रदान करेगी।


