RAJGARH

राजगढ़ में महाशिवरात्रि पर निकली भव्य शिव बारात, नगर हुआ शिवमय, पारंपरिक बिंदोरी नृत्य रहा आकर्षण का केंद्र

राजगढ़ नगर में महाशिवरात्रि का पर्व इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जल और दूध अर्पित किया। पूरे दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।

दोपहर करीब 3 बजे मुख्य बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर से विधि-विधान के साथ शिव बारात निकाली गई। बैंड-बाजों और डीजे की धुन पर निकली यह बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंची। यहां भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का आयोजन मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

बारात में कई आकर्षक झांकियां देखने को मिलीं। इंदौर से आए कलाकारों ने भगवान के भजनों पर सुंदर प्रस्तुतियां दीं। महाकाली, कृष्ण-राधा, राम-लक्ष्मण-जानकी की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं एक मोटरसाइकिल को नन्दी के रूप में सजाया गया, जो यात्रा में विशेष आकर्षण बना रहा।

भालू, बंदर और भूत के वेश में कलाकारों ने भी शिव बारात में शामिल होकर माहौल को जीवंत बना दिया। नगर के एक कलाकार ने भोलेनाथ का स्वरूप धारण कर बग्गी में सवार होकर यात्रा की शोभा बढ़ाई। बड़ी संख्या में युवा डीजे पर भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।

 

वही इस बार शिव बारात के दौरान नगर के आसपास के ग्रामीणों के द्वारा पारंपरिक बिंदोरी नृत्य का भी आयोजन यात्रा के दौरान किया गया जो की आकर्षण का केंद्र रहा वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के ग्रामीण युवाओं ने प्राचीन ढापड़ों एवं ढोल की थाप पर बिंदोरी नृत्य किया

शिव बारात का नगर में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों द्वारा स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई और भंग मिश्रित दूध की प्रसादी वितरित की गई। पूरे आयोजन में उत्साह और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर राजगढ़ नगर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया।

Related Articles

Back to top button