RAJGARH

जामोन्या जोहार में कथित अवैध गतिविधियों के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

 

राजगढ़। ग्राम जामोन्या जोहार में कथित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष जांच, सख्त कार्रवाई तथा उक्त गतिविधियों को तत्काल बंद कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कुछ समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है और इससे असामाजिक तत्वों का गांव में आना-जाना तेज हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ लोग नशे की हालत में गांव में प्रवेश करते हैं तथा तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। बीच रास्ते में वाहन खड़े कर दिए जाने और सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार की शिकायत भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों और महिलाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने कहा कि गांव की बदनामी के साथ-साथ कई बार गांव के शरीफ लोगों को भी संदेह की नजर से देखा जाने लगा है। बाहरी गतिविधियों के कारण पूरे गांव की छवि प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों को सामाजिक रूप से असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कुछ लोगों की कथित हरकतों का दुष्प्रभाव पूरे गांव पर पड़ रहा है, जो उचित नहीं है।

गांव के समीप स्थित विद्यालय में छात्र-छात्राओं का नियमित आवागमन रहता है। ऐसे में अभिभावकों ने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। बाजार हाट के दिन, विशेषकर बुधवार और रविवार को बाहरी लोगों की भीड़ अधिक होने से स्थिति और संवेदनशील हो जाती है।

कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए। यदि जांच में अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा इस प्रकार की गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की भी मांग की गई है।

Related Articles

Back to top button