सीएसआर निधि से जिला अस्पताल को मिली दो नई डायलिसिस मशीनें सांसद नागर के प्रयासों से जिला अस्पताल में डायलिसिस मशीनों की संख्या बढ़कर हुई आठ

राजगढ़ जिले के किडनी रोग से पीड़ित मरीजों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। जिला चिकित्सालय राजगढ़ को दो नई डायलिसिस मशीनों की सौगात मिली है। सांसद श्री रोडमल नागर के प्रयासों से सीएसआर निधि के माध्यम से प्राप्त इन मशीनों के स्थापित होने के बाद अब जिला अस्पताल में डायलिसिस मशीनों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इससे किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर उपचार की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
प्राप्त जानकारी अनुसार जिला अस्पताल में पहले से छह डायलिसिस मशीनों के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जा रहा था। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण कई बार लोगों को डायलिसिस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। कई मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता था। अब दो नई मशीनों के शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और अधिक संख्या में मरीजों का उपचार संभव हो सकेगा। डायलिसिस मशीनों की संख्या बढ़ने से अस्पताल के डायलिसिस यूनिट की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। पहले सीमित मशीनों के कारण एक दिन में कम मरीजों का ही डायलिसिस हो पाता था, लेकिन अब अधिक मरीजों को यह सुविधा मिल सकेगी। इससे मरीजों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि किडनी के कई मरीजों को सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस कराना पड़ता है। ऐसे मरीजों के लिए यह सुविधा अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जिला अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार से विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक तथा मानसिक रूप से बड़ी राहत मिलेगी। जिला अस्पताल को दो नई डायलिसिस मशीनों की सौगात मिलने से जिले के मरीजों को न केवल बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा, बल्कि उन्हें निजी अस्पतालों के अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी।



