लूट की घटना में फरार ईनामी आरोपी गिरफ्तार

जिला राजगढ़ में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन में सतत अभियान संचालित किया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी खिलचीपुर श्री धर्मवीर नागर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माचलपुर उ.नि. श्री आदित्य सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लूट की घटना में फरार चल रहे ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
दिनांक 01.04.2026 को फरियादी होकम सिंह पिता केशर सिंह राजपूत, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम रामगढ़ द्वारा थाना माचलपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 14.03.2026 को रात्रि करीब 07:30 बजे वह अपने रिश्तेदार कमल सिंह को मोटरसाइकिल से उसके गांव छोड़ने जा रहा था। छापी नदी की पुलिया के पास पहुंचने पर आरोपी ने फरियादी की जेब से पर्स निकाल लिया तथा विरोध करने पर उसे धक्का दे दिया, जिससे वह पुलिया के नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। फरियादी को होश दिनांक 30.03.2026 को अस्पताल में आया।
फरियादी के पर्स में रखे ₹5,000 नगद, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड एवं ड्राइविंग लाइसेंस आरोपी द्वारा लूट लिए गए थे। उक्त रिपोर्ट पर थाना माचलपुर में अपराध क्रमांक 84/2026 धारा 309(6), 311 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 21.04.2026 को आरोपी कमल सिंह राजपूत, उम्र 54 वर्ष, निवासी ग्राम अरनिया थाना माचलपुर को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से लूटी गई ₹5,000 की नगद राशि बरामद की गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।


