Breaking News

साइड मांगने के विवाद में बुजुर्ग की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़/खिलचीपुर। जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में साइड मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार तोलानी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 फरवरी 2026 को फरियादी कुलदीप पिता मनोहर राजपूत निवासी देवपुर थाना चाचौड़ा जिला गुना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिचित भगवान सिंह पिता मांगीलाल राजपूत (60) निवासी सिरोजी थाना खुजनेर के साथ जा रहा था। इसी दौरान भोजपुर नाका खिलचीपुर के पास साइड मांगने की बात को लेकर एक पिकअप चालक से विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लोहे की रॉड से भगवान सिंह के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान फरियादी आरोपी को नहीं पहचानता था, लेकिन विवाद के समय आरोपी ने अपना नाम कैलाश तंवर निवासी राजपुरा बताया और मौके से पिकअप वाहन लेकर फरार हो गया।

घायल भगवान सिंह को परिजन उपचार के लिए झालावाड़ ले गए, जहां से बाद में उन्हें सिविल अस्पताल खिलचीपुर लाया गया। यहां ड्यूटी डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले में थाना खिलचीपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 103, 296(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी कैलाश पिता हजारीलाल तंवर निवासी राजपुरा थाना खिलचीपुर को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button