उर्स मेले की तैयारियों के लेकर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किया निरीक्षण सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए दिए आवश्यक निर्देश

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने मंगलवार को आगामी उर्स मेले की तैयारियों का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज तथा एसडीओ पीडब्ल्यूडी श्री धनवाल सहित उर्स कमेटी के सदर श्री हाफ़िज़ इलियास सिद्दीकी व सदस्यगण भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मेले में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मेले के प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए, ताकि आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सके। साथ ही निर्देशित किया कि मेले में लगाए जाने वाले विभिन्न स्टॉलों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए, जिससे भीड़भाड़ की स्थिति न बने। साथ ही झूलों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि झूलों का संचालन पूरी तरह सुरक्षित तरीके से किया जाए और नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित और सुचारू रखने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मेले में तैनात सभी स्वयंसेवकों को सुरक्षा और व्यवस्था से संबंधित निर्देशों की स्पष्ट ब्रीफिंग दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मेले परिसर में फायर ब्रिगेड के वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग पूरी तरह सुगम रखा जाए। साथ ही हाका दल की तैनाती कर मेले क्षेत्र से मवेशियों को हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्पष्ट और प्रभावी संचार योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।


