RAJGARH

घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, जिम्मेदार अधिकारी मौन

 

राजगढ़ नगर में नियमों को ताक पर रखकर कई होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों में यह अनियमितता लंबे समय से जारी है, लेकिन संबंधित विभागों की अनदेखी के चलते कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

जानकारी के अनुसार, घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले रसोई गैस सिलेंडर का उपयोग व्यवसायिक कार्यों में किया जाना नियम विरुद्ध है। इसके बावजूद कई होटल संचालक लागत बचाने के उद्देश्य से कमर्शियल सिलेंडर की जगह घरेलू सिलेंडरों का प्रयोग कर रहे हैं। इससे न केवल शासन को राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी यह गंभीर विषय है।

खाद्य विभाग एवं फ़ूड अधिकारी सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों का इन प्रमुख मार्गों से प्रतिदिन कई बार आवागमन होता है, फिर भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

खबर में प्रकाशित छायाचित्र खिलचीपुर नाका स्थित श्रीजी होटल का है, जहां घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग होते हुए देखा गया। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग के अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते है।

Related Articles

Back to top button