आगामी त्योहारों के मद्देनजर राजगढ़ में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का दिया संदेश

राजगढ़। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय राजगढ़ पर आज जिला पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने तथा असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने का प्रयास किया गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत राजगढ़ कोतवाली थाना परिसर से हुई। इसके बाद पुलिस बल नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुरानी बस स्टैंड क्षेत्र पहुंचा और अंत में कलेक्ट बंगले के सामने मार्च का समापन किया गया। पूरे मार्ग में पुलिस बल पूरी मुस्तैदी और अनुशासन के साथ कदमताल करता नजर आया।
इस दौरान राजगढ़ तहसीलदार अनिल शर्मा एवं राजगढ़ थाना प्रभारी मंजू माखेनिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी गई कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल की उपस्थिति से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से बचा जा सके।


