अनियंत्रित डंपर की चपेट में आई दो युवतियां, एक की मौत, दूसरी गंभीर

राजगढ़। शहर के ब्यावरा रोड स्थित मछली मार्केट के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे पैदल जा रही दो युवतियां अचानक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आ गईं। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डंपर क्रमांक RJ17 GB 3374 अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पैदल चल रही दोनों युवतियों को टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मारते हुए मछली मार्केट के पास गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
इस दर्दनाक हादसे में नंदिनी पिता बलभ भिलाला निवासी भादाहेड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नंदिनी राजगढ़ में छात्रावास में रहकर करती थी। वहीं सुमन पिता रामचरण वर्मा निवासी पिपलिया रसोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की वास्तविक वजह क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके।
इधर इस स्थान पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर एवं नेशनल हाईवे प्राधिकरण के परियोजना निदेशक के नाम आवेदन देकर मंदिर के पास स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप, स्पीड लिमिट बोर्ड और चेतावनी संकेतक लगाए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते-जाते रहते हैं, ऐसे में वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यहां समय रहते स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था की जाए तो भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

