RAJGARH

राजगढ़ सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

राजगढ़। लोकायुक्त संगठन भोपाल की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला चिकित्सालय राजगढ़ में पदस्थ सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
40 हजार रुपये की मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक हरिओम अहिरवाल निवासी भोपाल राजगढ़ में “सुविधा डायग्नोस्टिक सेंटर” के नाम से सोनोग्राफी सेंटर संचालित करते हैं। वे अपने सेंटर पर एमपी ऑनलाइन के माध्यम से डॉ. आकर्ष तनेजा का नाम जुड़वाना चाहते थे। इस कार्य के अप्रूवल के लिए सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई।
बताया गया कि आरोपिया ने 11 अप्रैल 2026 को 10 हजार रुपये एवं 15 अप्रैल 2026 को 20 हजार रुपये पहले ही ले लिए थे तथा शेष 20 हजार रुपये देने के बाद ही अप्रूवल जारी करने की बात कही थी।
सरकारी आवास से हुई ट्रैप कार्रवाई
आवेदक द्वारा लोकायुक्त भोपाल में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार राठौर द्वारा ट्रैप दल का गठन किया गया। टीम ने 17 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए जिला चिकित्सालय परिसर स्थित सीएमएचओ के सरकारी आवास पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए डॉ. शोभा पटेल को रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपिया के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप दल में शामिल अधिकारी
कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक आशीष भट्टाचार्य, निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, उप निरीक्षक मोनिका पाण्डेय, प्रधान आरक्षक नेहा परदेसी, मुकेश पटेल, आरक्षक मनमोहन साहू, यशवंत पटेल एवं रविंद्र शर्मा शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button