हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाना सर्वोच्च प्राथमिकता, 15 दिन में कार्रवाई करें
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में चालानी कार्यवाही, बस फिटनेस, ब्लैकस्पॉट, एनएचएआई संबंधी कार्य, तेजगती वाहनो पर कार्यवाही, हेल्मेट जागरूकता कार्यक्रम सहित करनवास एवं पचोर रेलवे स्टेशन क्षेत्र के ब्लैकस्पॉट रेक्टिफिकेशन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों से पिछली बैठक के बाद की प्रगति की जानकारी ली गई तथा शेष कार्यों पर स्पष्टिकरण लिया गया।
साथ ही ट्रैक्टर एवं डंपरों पर रेडियम लगाए जाने को लेकर खनन अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए। पोर्टल पर पंजीकृत सभी डंपरों पर तत्काल रेडियम लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए। जिला परिवहन विभाग को इस संबंध में अनिवार्य निर्देश जारी कर विशेष अभियान चलाने के लिए कहा गया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा स्कूल बसों की सघन जांच के निर्देश देते हुए कहा गया कि बसों की फिटनेस, ड्राइवर सत्यापन एवं सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी स्कूलों की बसों की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
उन्होंने हेलमेट न पहनने वालों पर कार्रवाई बढ़ाने एवं हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सीएसआर के माध्यम से हेलमेट वितरण कराने पर भी जोर दिया गया। ओवरस्पीडिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजवीर योजना अंतर्गत भुगतान की भी गहन समीक्षा की गई। हाईवे के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी 15 दिनों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश एसडीएम एवं तहसीलदार को दिए गए। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।


