ब्यावरा में जूडो खिलाड़ियों का भव्य फिटनेस टेस्ट सम्पन्न 164 खिलाड़ियों ने लिया भाग

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर जूडो, ब्यावरा में शुक्रवार को आधुनिक पद्धति से फिटनेस टेस्ट का आयोजन किया गया। इस परीक्षण में कुल 164 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिनमें 62 बालक एवं 102 बालिकाएं शामिल रहीं। सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
साथ ही फिटनेस टेस्ट के अंतर्गत विभिन्न शारीरिक परीक्षण कराए गए। जिनमें प्रमुख रूप से बीप टेस्ट शामिल था। बीप टेस्ट एक वैज्ञानिक पद्धति है, जिसके माध्यम से खिलाड़ियों की सहनशक्ति, फेफड़ों की क्षमता एवं शारीरिक दक्षता का आकलन किया जाता है। इसमें खिलाड़ियों को निर्धारित दूरी पर बीप की ध्वनि के अनुसार दौड़ना होता है, और हर स्तर के साथ गति बढ़ती जाती है। यह टेस्ट खिलाड़ियों की वास्तविक फिटनेस स्तर को मापने का प्रभावी माध्यम है।
इसी के साथ ही 164 खिलाड़ियों में से 50 खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया सेंटर योजना के अंतर्गत किया गया है। जिन्हें विभाग द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।साथ ही आने वाले समय में खिलाड़ियों को विभाग की ओर से विभिन्न खेल सुविधाएं एवं संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। खेलो इंडिया सेंटर पिछले 2 वर्षों से संचालित हो रहा है, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी सहभागिता दर्ज करा चुके हैं।
हाल ही में खिलाड़ियों ने खेलो एमपी यूथ गेम्स में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित किए हैं, जिससे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है। खेलो इंडिया जूडो कोच श्री शुभम राजपूत ने बताया कि इस प्रकार के फिटनेस परीक्षण खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।उन्होंने कहा कि विभाग के सहयोग और मार्गदर्शन से भविष्य में और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
इस आयोजन में उपयोग की गई समस्त सामग्री उप संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्रीमती शर्मिला डावर के निर्देशन में उपलब्ध कराई गई। उनके नेतृत्व में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह फिटनेस टेस्ट न केवल खिलाड़ियों की क्षमता को परखने का अवसर बना, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य की ओर और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित भी किया।

