विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिभावान विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, शिक्षा के लिए दिया प्रोत्साहन

जयपुर, 18 मई। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रतिभा कभी भी सीमित संसाधनों की मोहताज नहीं होती। आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर की होती है। जब समाज जनभागीदारी के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करता है, तब प्रतिभाशाली बच्चे आगे बढ़कर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। वे सिंधी शिक्षा विकास समिति अजमेर द्वारा आदर्श विद्या निकेतन विद्यालय में आयोजित प्रतिभावान एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को नकद प्रोत्साहन राशि वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनकी शिक्षा को निरंतर जारी रखने के लिए सहयोग दिया गया।
सिंधी शिक्षा विकास समिति, अजमेर के संरक्षक एवं विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि शिक्षा रोजगार का माध्यम होने के साथ संस्कार, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित, संस्कारवान एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर परिश्रम करने वाले विद्यार्थी ही जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग को आगे आकर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना चाहिए ताकि कोई भी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रह जाए।
उन्होंने बताया कि सिंधी शिक्षा विकास समिति विगत 20 वर्षों से समाज के बच्चों के शैक्षिक उत्थान के लिए सतत कार्य कर रही है। संस्था द्वारा विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य सामग्री, स्कूल बैग, यूनिफर्म, स्वेटर तथा विद्यालय शुल्क सहित विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप समाज के अनेक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं।
श्री देवनानी ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। यदि बच्चों को सही दिशा, संस्कार और अवसर मिलते हैं तो वे समाज एवं राष्ट्र का गौरव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
पूर्व पार्षद श्री रमेश चेलानी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सिंधी शिक्षा विकास समिति सामाजिक सरोकारों के तहत विभिन्न अवसरों पर बच्चों के बीच मिठाई एवं आवश्यक सामग्री का वितरण भी करती है। संस्था लगातार जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर सतगुरु आर्केड के श्री राजा डी. थारवानी ने युवाओं को शिक्षा के साथ स्वरोजगार एवं रोजगारोन्मुख गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री घनश्याम ठारवानी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्री गोविंद खटवानी, श्री जितेंद्र रंगवानी, श्री रामचंद्र गुलाबानी, श्री भगवान दास हरवानी, श्री चंद्र लखानी, श्री प्रतीक मोटवानी, श्री भगवान वरलानी, श्री अशोक मंगलानी, श्री गोविंद जैनानी,श्री किशोर विधानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




