विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

लखन गुर्जर राजगढ़ नगर के शिवाजी चौराहे पर आज विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा जिहादी मानसिकता, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे मुद्दों पर कड़ा कानून बनाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान शिवाजी चौराहे पर संगठन द्वारा कथित जिहादी मानसिकता के विरोध में प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया गया। इसके पश्चात प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कलेक्टर की ओर से ज्ञापन प्राप्त किया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रांत के सह प्रचार-प्रसार प्रमुख कपिल शर्मा ने कहा कि संगठन के अनुसार बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण के प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि बजरंग दल ऐसे मामलों के विरोध में लगातार आवाज उठाता रहा है और आगे भी उठाता रहेगा।
इस अवसर पर विभाग मंत्री अशोक गुप्ता, विभाग संयोजक राजू मीणा, सहसंयोजक आशीष मेवाड़, जिला अध्यक्ष तेजेंद्र उपाध्याय, जिला संयोजक सोनू शर्मा, जिला मंत्री मयंक जायसवाल, , बाल उपासना प्रमुख चेतराम गुर्जर, महिला उपाध्यक्ष ममता रानोलिया, चंदन महेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


