राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता अभियान आयोजित स्वच्छता एवं जनभागीदारी का दिया संदेश

जिले में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर व्यापक जन जागरूकता अभियान एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मचारियों, नर्सिंग छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर डेंगू नियंत्रण एवं बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया तथा जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. डी.पी. पटेल ने डेंगू रोग के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने दें, पानी के बर्तनों को ढककर रखें तथा प्रत्येक सप्ताह पानी के पात्रों को खाली कर साफ करें।
उन्होंने कहा कि बुखार आने पर जिला अस्पताल में डेंगू जांच नि:शुल्क उपलब्ध है, इसलिए समय पर जांच करवाकर उपचार लेना आवश्यक है।राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर संकल्प कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डेंगू नियंत्रण में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। जिसमें प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
वहीं ब्लॉक खुजनेर के ग्राम सण्डावता एवं सारंगपुर विकासखंड के ग्राम झिरी में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीणों को डेंगू से बचाव, स्वच्छता एवं जल प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में “सबकी चिंता, सबकी भागीदारी” का संदेश देते हुए लोगों से डेंगू नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।



