RAJGARH

युवा संगम में रचा गया प्रदेश का नया रिकॉर्ड एक ही दिन में 10,112 युवाओं का चयन, 92 कंपनियों ने दिए रोजगार ऑफर

 

लखन गुर्जर राजगढ़ | राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती पर सारंगपुर में आयोजित मेगा युवा संगम रोजगार मेला प्रदेश के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। एक ही दिन में 92 कंपनियों द्वारा 10 हजार 112 युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार से जोड़ा गया, जबकि अन्य कंपनियों का डाटा अभी प्राप्त होना शेष है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं कन्या पूजन के साथ हुआ। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने संबोधन में कहा कि यह आयोजन युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि रोजगार मेला केवल नौकरी देने का मंच नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को आकार देने का माध्यम है। युवाओं को नौकरी पाने के साथ-साथ आगे चलकर नौकरी देने वाला बनना चाहिए। महिलाओं और दिव्यांगजनों की उल्लेखनीय भागीदारी इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।

राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक 1 लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है। कौशल विकास संस्थान युवाओं की क्षमता को निखारते हैं और स्किल्ड युवाओं की देश-विदेश में मांग लगातार बढ़ रही है।

कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने बताया कि मेले में 125 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की और 16 हजार से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है।

विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव एवं विधायक खिलचीपुर हजारीलाल दांगी ने कहा कि एलएंडटी सहित कई बड़ी कंपनियों की मौजूदगी से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिले हैं। यह आयोजन मुख्यमंत्री के संकल्प और प्रधानमंत्री के विजन का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में आगे भी इसी तरह के रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में 8 कंपनियों द्वारा विशेष रूप से दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वरोजगार योजनाओं के तहत हितग्राहियों को करोड़ों रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। इसके साथ ही 176 स्वयं सहायता समूहों को 5.35 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई।

प्रशासन द्वारा क्वेस एलायंस, टीवीएस मोटर, बजाज ऑटो (टाटा स्ट्राइव), किरण फाउंडेशन सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

वित्तीय वर्ष में प्रदेश में 626 रोजगार मेले आयोजित हुए, जिनसे 1.02 लाख युवाओं को रोजगार मिला, लेकिन सारंगपुर में एक ही दिन में 10 हजार से अधिक युवाओं का चयन प्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button