RAJGARH

चचेरे भाइयों ने मिलकर की युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

राजगढ़ थाना कोतवाली क्षेत्र के भगवतीपुरा गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अब भी फरार है।

जानकारी के अनुसार विशाल पिता करणसिंह गुर्जर ने अपने साथी होकम पिता प्रेमसिंह गुर्जर के साथ मिलकर रामबाबू पिता भारत सिंह गुर्जर पर दो से तीन फायर किए थे। फायरिंग के बाद आरोपितों ने मृतक के सिर पर पत्थरों से भी वार किए थे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें जिला अस्पताल, राजगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर धारा 103(1) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया गया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल पिता करणसिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसका साथी होकम पिता प्रेमसिंह गुर्जर फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपित को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button