गौ सम्मान आह्वान अभियान की बैठक सम्पन्न, 27 अप्रैल को तहसीलों में सौंपे जाएंगे ज्ञापन

राजगढ़। गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत राजगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गो संरक्षण, संवर्धन एवं जन-जागरूकता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने गौ सेवा को भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
बैठक के दौरान अभियान से जुड़ी प्रमुख मांगें भी सामने रखी गईं। इनमें गो माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, देशभर में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गो संरक्षण के लिए एक सशक्त केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग शामिल रही। वक्ताओं ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
27 अप्रैल को सौंपे जाएंगे प्रार्थना पत्र
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 27 अप्रैल को अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ता अपने-अपने तहसील मुख्यालयों पर पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र सौंपेंगे। इसके माध्यम से गौ संरक्षण संबंधी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए घर-घर संपर्क, जनसंवाद और सामाजिक संगठनों से समन्वय बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठित प्रयासों से ही गो संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सकता है।
इस अवसर पर अभियान के प्रचारक राजगढ़ जिले के दौरे पर रहे, जिनका नगर के गो सेवकों द्वारा माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौ सेवक एवं समाजजन उपस्थित रहे।



