युवा दिवस पर ग्राम सरेड़ी में “सृजन कार्यक्रम” का शुभारंभ, 88 किशोर-किशोरियों की सहभागिता

राजगढ़।
युवा दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार ग्राम सरेड़ी, थाना कोतवाली राजगढ़ क्षेत्र अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत किशोर सशक्तिकरण हेतु “सृजन कार्यक्रम” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा/एसडीओपी राजगढ़ अरविंद सिंह राठौर के नेतृत्व में, महिला थाना प्रभारी राजगढ़ राधिका भगत (नोडल अधिकारी) तथा सूबेदार मधु रघुवंशी के समन्वय से संपन्न हुआ। इसमें 45 बालक एवं 43 बालिकाएं शामिल हुईं। इस प्रकार कुल 88 किशोर-किशोरियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत युवा दिवस के उपलक्ष्य में सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास से की गई। इसके पश्चात प्रधान आरक्षक मुकेश मीणा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन प्रसंगों एवं उनके प्रेरणादायक विचारों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
आरक्षक कुलदीप चंद्रपाल ने “सृजन कार्यक्रम” की रूपरेखा से प्रतिभागियों को अवगत कराते हुए इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। इस दौरान एसडीओपी अरविंद सिंह राठौर ने उपस्थित किशोर-किशोरियों को संबोधित करते हुए 18 दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित किया तथा समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बिना हथियार आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए तथा आत्मरक्षा की प्रथम स्थिति का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नाश्ता वितरित किया गया एवं कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के प्राचार्य लालजी वर्मा, समस्त स्टाफ तथा युवा विकास मंडल संस्था राजगढ़ की टीम उपस्थित रही।


