पीएम केयर्स योजना के बच्चों से कलेक्टर डॉ. मिश्रा का संवाद, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित

राजगढ़ पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा त्रैमासिक भेट एवं संवाद किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए एवं योजना से प्राप्त लाभों के बारे में अवगत कराया। जिला राजगढ़ अंतर्गत कुल 7 बच्चों को उक्त योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। पी.एम. केयर योजना अंतर्गत ऐसे बच्चे आते है जिन्होने कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खो दिया है। उक्त योजना में बच्चों को कक्षा 1 से 12वी तक 20 हजार रूपये प्रतिवर्ष दिये जाते है एवं 4 हजार रूपये प्रतिमाह 18 वर्ष तक एवं 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 10 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बच्चों से संवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र बच्चों को योजना के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं का समय पर लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान बच्चों को योजना के अंतर्गत मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं, जैसे शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अन्य लाभों की जानकारी भी दी गई।




